चंद्रपुर में मध्यरात्रि सनसनी! अज्ञात बदमाशों ने होटल और स्कॉर्पियो को लगाई आग, लाखों का नुकसान

⚫ चंद्रपुर    में मध्यरात्रि दहल उठा घुटकला वॉर्ड!
अज्ञात बदमाशों ने होटल और स्कॉर्पियो को लगाई आग, लाखों का नुकसान



चंद्रपुर :   शहर के घुटकला वॉर्ड में शुक्रवार मध्यरात्रि भीषण आग की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। कफील होटल तथा उसके समीप खड़ी स्कॉर्पियो कार को अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया। घटना पहली पहर करीब 3 बजे उघड़कर सामने आई।

आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे होटल के बगल में रहने वाले नईम खान और आमिर खान पठाण के परिवार को तुरंत बाहर निकालना पड़ा। हालांकि सौभाग्य से इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन होटल का सारा सामान जलकर राख हो गया। आर्थिक नुकसान लाखों रुपये में आंका जा रहा है।

आग की चपेट में पास खड़ी आयशर फोर व्हीलर के ताड़पत्री को भी भारी नुकसान पहुंचा। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत जागरूकता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया।

एमआईएम नगरसेवक अजहर शेख की त्वरित पहल
सूचना मिलते ही एमआईएम के नगरसेवक अजहर शेख और उनके कार्यकर्ताओं ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और चंद्रपुर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग को बुलाया। अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया।

पुलिस जांच में जुटी
शहर पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल पर पंचनामा पूरा कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जानबूझकर आग लगाने की आशंका जताते हुए आगे की जांच कर रही है।

पीड़ितों को तुरंत मदद की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आग में हुए भारी नुकसान को देखते हुए बाधित होटल संचालक और परिवारों को तात्कालिक आर्थिक सहायता तथा उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

यह घटना शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन और पुलिस से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपील की जा रही है।


Previous Post Next Post