मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सख्त कार्रवाई की मांग!
चंद्रपुर शहर युवा कांग्रेस ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन!
चंद्रपुर: लोकतंत्र की रीढ़ मानी जाने वाली चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना चुनाव आयोग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। लेकिन चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठे गंभीर सवालों और आरोपों के मद्देनजर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग चंद्रपुर शहर युवा कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार ढंग से उठाई।
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया गया। युवा कांग्रेस ने साफ कहा कि चुनाव आयोग को किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए, ताकि जनता का चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा कायम रहे।
ज्ञापन में मांग की गई कि चुनाव प्रक्रिया में हुए कथित गैरप्रकारों की गहन जांच कराई जाए, सच्चाई जनता के सामने लाई जाए और दोषी पाए जाने वालों पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई हो।
यह मांग चंद्रपुर शहर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तथा विरोधी पक्ष नेता (मनपा) राजेश मुरली अडूर के नेतृत्व में की गई। ज्ञापन सौंपने में नगरसेवक सचिन कात्याल, विनोद लाभाने, आकाश मानकर, प्रवीण वडलूरी, अजय चिनुरवार, अक्षय आवले, प्रकाश देशब्रतार, संकेत रायपूरे, रागु रामगिरी और कुणाल सोनटक्के सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
राजेश अडूर ने कहा कि लोकतंत्र की साख बचाने के लिए चुनाव आयोग को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से काम करना होगा। कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।




