बल्लारशाह रेलवे रनिंग रूम: ठेका कर्मियों को मिला न्याय! भाजपा कामगार मोर्चा की शिकायत पर लेबर कमिश्नर ने काम पर वापस लेने के दिए निर्देश!

बल्लारशाह रेलवे रनिंग रूम: ठेका कर्मियों को मिला न्याय!  
भाजपा कामगार मोर्चा की शिकायत पर लेबर कमिश्नर ने काम पर वापस लेने के दिए निर्देश!



चंद्रपुर: मध्य रेलवे के बल्लारशाह लोको पायलट एंड ट्रेन मैनेजर रनिंग रूम से गैरकानूनी तरीके से निकाले गए ठेका कर्मियों को न्याय मिल गया है। सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) प्रशांत सिंह ने ठेकेदार को सभी कर्मियों को दुबारा काम पर रखने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। साथ ही रेल अधिकारियों और ठेकेदार को चेतावनी दी गई है कि श्रमिक हित में बने नियमों का सख्ती से पालन करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


दरअसल, ठेकेदार अमित फैब्रिकेटर्स एंड एरिकेटर्स द्वारा ठेका कर्मियों के शोषण की शिकायत भाजपा कामगार मोर्चा के प्रदेश महासचिव अजय दुबे ने सहायक श्रम आयुक्त चंद्रपुर के पास की थी। शिकायत पर आयुक्त ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर 22 सितंबर को अपने कार्यालय में सुनवाई रखी।


सुनवाई में प्रदेश भाजपा कामगार मोर्चा महासचिव अजय दुबे, चीफ लोको इंस्पेक्टर अन्नम वेंकटेश, ठेकेदार प्रतिनिधि विकास सिंह और कामगार नेता अभिषेक ईदनरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सुनवाई के बाद आयुक्त ने ठेकेदार को निर्देश दिया कि सभी अवैध रूप से निकाले गए कर्मियों को तुरंत काम पर वापस लिया जाए।

यह फैसला ठेका कर्मियों के लिए राहत भरा साबित हुआ है। भाजपा कामगार मोर्चा का कहना है कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष जारी रहेगा।
Previous Post Next Post