राजुरा पुलिस थाने में अश्लील गालियां, मारपीट और विधवा मां का अपमान!
खासदार प्रतिभा धानोरकर ने एसपी से मांगी सहायक पोलीस निरीक्षक योगेश पाटील पर सख्त कार्रवाई!
चंद्रपुर: राजुरा पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश पाटील पर गंभीर आरोप लगने के बाद खासदार प्रतिभा धानोरकर ने जिला पुलिस अधीक्षक आयुष्य नोपानी से मिलकर उनकी खातेनिहाय जांच और कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की है। खासदार ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने देरी की तो कांग्रेस की ओर से जोरदार आंदोलन छेड़ा जाएगा।
घटना 19 सितंबर 2026 की है। राजुरा नगर परिषद की वरिष्ठ नगरसेविका मंगला मोकडे के बेटे के पारिवारिक विवाद की पूछताछ के लिए गए राजुरा शहर अध्यक्ष हरजीत सिंह संधू से एएसआई योगेश पाटील ने अरेरावी और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद कुणाल मोकडे को अश्लील गालियां देते हुए मारपीट की गई। इतना ही नहीं, लोकप्रतिनिधियों और राजनेताओं के बारे में गंदी और अश्लील भाषा का इस्तेमाल कर सभी दलों के जनप्रतिनिधियों का अपमान किया गया।
इसी थाने में दर्ज 14 वर्षीय नाबालिग लड़की हर्षाली सत्यपाल मोहूर्ले के लापता होने के मामले में उसकी गरीब विधवा मां जब मदद मांगने पहुंची तो एएसआई ने कोई सहयोग न करते हुए अपमानजनक शब्द कहकर अपनी जिम्मेदारी से किनारा कर लिया। खासदार प्रतिभा धानोरकर ने इस बेहद संवेदनहीन व्यवहार पर गहरा रोष जताते हुए कहा कि असहाय विधवा महिला और आम नागरिकों के साथ इस तरह का बर्ताव पुलिस प्रशासन की छवि को धूमिल कर रहा है।
खासदार ने साफ कहा, “अगर आम जनता और लोकप्रतिनिधियों को पुलिस से यही व्यवहार मिलता रहेगा तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी पर लोकप्रतिनिधित्व कानून और अनुशासन नियमों के तहत तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देते समय शिष्टमंडल में जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुंदा जेनेकर, राजुरा तालुका अध्यक्ष रंजन लांडे, राजुरा बाजार समिति के सभापति संतोष इंदुरवार, राजुरा शहर अध्यक्ष हरजीत सिंह संधू, कार्याध्यक्ष संघपाल देठे, नगरसेवक एजाज अहमद, नगर परिषद सभापति पूनम गिरसावळे, नगरसेविका इंदुबाई निकोडे, अनुताई हरजीत सिंह संधू, मंगला मोकडे, कविता उपरे के साथ सुमित्रा कुचनकर, सोनाली भगत, कुणाल मोकडे, रोहित बत्ताशंकर समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
खासदार प्रतिभा धानोरकर ने इस मामले को गंभीरता से लेने और दोषी अधिकारी पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।


