📍रहमत नगर में तेजी से होगा ईराई नदी का संरक्षण कार्य
📍नगरसेवक अजहर शेख के निवेदन के मात्र 15 दिनों में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार का स्थलीय दौरा
चंद्रपुर : एक कोशिश, थोड़ी मेहनत और बड़ी उम्मीद... रहमत नगर के वार्डवासियों के लिए यह उम्मीद अब हकीकत की राह पर है। नगरसेवक अजहर शेख द्वारा ईराई नदी के तट पर संरक्षण दीवार (Protection Wall) बनाने की मांग करने के महज 15 दिनों के अंदर ही विधायक सुधीर भाऊ मुनगंटीवार ने खुद रहमत नगर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
दिनांक 21 मई 2026 को हुए इस दौरे में सुधीर भाऊ ने संरक्षण दीवार के सभी प्रस्तावित स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया और स्थानीय वार्डवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर महापौर सौ. संगीता खांडेकर, उपमहापौर प्रशांत भाऊ दानव, स्थायी समिति सभापति सौ. मनस्वी गिऱ्हे और नगरसेवक राहुल भाऊ पावड़े, हज़रत टीपू सुल्तान विचार मंच के अमजद भाई शेख,सैयद चांद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नगरसेवक अजहर शेख ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए सुधीर भाऊ का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“निवेदन पर तत्काल संज्ञान लेने के लिए सुधीरभाऊ का हार्दिक आभार। सिस्टर कॉलोनी, रहमत नगर और पठानपुरा क्षेत्र के लोगों को अब विश्वास हो गया है कि जल्द ही संरक्षण दीवार का काम शुरू हो जाएगा।”
नदी किनारे बसे इन इलाकों में बरसात के दौरान जलभराव और कटाव की समस्या लंबे समय से वार्डवासियों को परेशान कर रही थी। अजहर शेख के सतत प्रयासों और मंत्री के संवेदनशील रवैये के कारण अब इस समस्या के समाधान की राह नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों में इस दौरे को लेकर काफी उत्साह है। कई नागरिकों ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित दीवार का काम मानसून से पहले शुरू हो जाएगा, जिससे उनके घरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
यह घटना लोकप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय का एक सकारात्मक उदाहरण साबित हो रही है, जो वार्ड स्तर की छोटी-बड़ी समस्याओं को भी प्राथमिकता देने की मिसाल पेश करती है।


