त्यौहार-उत्सव शांतिपूर्वक मनाएँ, प्रशासन सजग! चंद्रपुर में बकरी ईद की तैयारी, शांति समिति की अहम बैठक

त्यौहार-उत्सव शांतिपूर्वक मनाएँ, प्रशासन सजग!

चंद्रपुर में बकरी ईद की तैयारी, शांति समिति की अहम बैठक



चंद्रपुर, 22 मई : आगामी बकरी ईद को जिले भर में शांतिपूर्ण एवं आनंदपूर्ण माहौल में मनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी वसुमना पंत ने नागरिकों से अपील की है कि वे सण-उत्सव शांतिपूर्वक मनाएं और प्रशासन को पूर्ण सहयोग दें।

नियोजन भवन में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा आयोजित जिलास्तरीय शांतता समिति की बैठक में जिलाधिकारी पंत ने कहा, “ईद का त्योहार आनंद का त्योहार है। हमें मिलकर इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाना चाहिए। शहर में बिजली और पानी की आपूर्ति बिना किसी व्यवधान के जारी रहे, इसके लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।”

 सोशल मीडिया पर नजर, अफवाओं पर सख्ती

जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर फेक न्यूज और नकारात्मक संदेशों को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी संदिग्ध पोस्ट दिखाई देने पर तुरंत पुलिस या साइबर टीम को सूचित करें। अफवाओं को फैलने से पहले ही रोका जाएगा। 

उन्होंने गर्मी को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है। इसलिए सुबह ईद की नमाज अदा करने के बाद दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

 पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी ने बैठक में आश्वासन दिया कि पूरे जिले में पर्याप्त बंदोबस्त रहेगा। गोमांस की तस्करी रोकने के लिए अंतरजिल्हा और अंतरराज्यीय सीमाओं पर नाकाबंदी पॉइंट्स सक्रिय कर दिए गए हैं। साइबर टीम 24×7 निगरानी कर रही है। किसी भी गलत सूचना या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत 112 पर सूचना दें।

 मनपा की तैयारियाँ

मनपा आयुक्त अकुनूरी नरेश ने बताया कि शहर में पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने का पूरा इंतजाम किया गया है। कुर्बानी स्थलों पर स्वच्छता के लिए टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

 शांतता समिति के सदस्यों की सुझाव

बैठक में शांतता समिति, महिला दक्षता समिति, पुलिस पाटील और अन्य सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
  • - बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति
  • - मजबूत सुरक्षा बंदोबस्त
  • - भीड़ नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था
  • - असामाजिक तत्वों पर नजर
  • - सोशल मीडिया पर अफवाओं पर सख्त निगरानी
  • - अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई

पुलिस उपअधीक्षक गौरव कायंदे पाटील समेत सभी उपविभागीय अधिकारी, निरीक्षक और शांतता समिति के सदस्य बैठक में मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन पुलिस कर्मचारी मंगला घागी ने किया।

जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से भरोसा दिलाया है कि बकरी ईद चंद्रपुर जिले में पूर्ण शांति और भाईचारे के माहौल में मनाई जाएगी।
Previous Post Next Post