⚫ दुल्हन बनने से पहले ही मौत की सज़ा! एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक ने छीन ली 18 साल की खुशबू की सांसें!
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) : शादी की खुशियाँ मनाने वाली 18 वर्षीय खुशबू निषाद को एक कोल्ड ड्रिंक ने हमेशा-हमेशा के लिए चुप करा दिया। शादी से महज कुछ दिन पहले मौत का यह साया पूरे गांव को झकझोर कर रख गया है।
धाना गांव निवासी खुशबू निषाद की शादी मनोज के साथ तय हो चुकी थी। 8 मई को बारात आने वाली थी। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन एक कोल्ड ड्रिंक ने सब कुछ खत्म कर दिया।
घटना की सच्चाई
शादी की तैयारियों के बीच खुशबू ने कोल्ड ड्रिंक पी और कुछ ही देर बाद उसकी सांसें थम गईं। पुलिस और परिजनों के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। खुशी में बच्चे भी इसे पीने बैठ गए। कई बच्चे भी बीमार पड़े, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। मां-पिता तो सदमे में हैं। एक तरफ शादी की रंग-बिरंगी तैयारी चल रही थी, दूसरी तरफ अचानक सूना पड़ा घर अब शोक में डूबा है। खुशबू के सपने अधूरे रह गए। वह दुल्हन बनने की राह देख रही थी, लेकिन किस्मत ने उसे मौत की राह पर धकेल दिया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
गांववासियों ने बताया कि बाजार में बिना चेक किए पुरानी स्टॉक की कोल्ड ड्रिंक्स बेची जा रही हैं। कई लोग अब दुकानदारों पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस कार्रवाई
फतेहपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। एक्सपायरी प्रोडक्ट बेचने वाले दुकानदारों और सप्लायर्स की तलाश शुरू कर दी गई है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि छोटी-छोटी लापरवाहियां कितनी बड़ी त्रासदी बन सकती हैं। शादी के खुशहाल माहौल को एक एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक ने मातम में बदल दिया।
परिवार की अपील :
परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और लोगों से अपील कर रहे हैं कि बाजार से कोई भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें।
