चंद्रपुर प्रदूषणमुक्ती का प्लान! पंकजा मुंडे का 1-3 वर्षीय रोडमैप, उद्योगों को सख्त चेतावनी

⚫ चंद्रपुर को प्रदूषणमुक्त बनाने का बड़ा ऐलान  
⚫ पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने साइट पर जाकर लिया जायजा, एक वर्षीय, तीन वर्षीय और दीर्घकालीन प्लान तैयार करेगी सरकार



चंद्रपुर, 16 अप्रैल – औद्योगिक जिले चंद्रपुर में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को जड़ से खत्म करने के लिए महाराष्ट्र सरकार सख्ती से आगे बढ़ी है। पर्यावरण, वातावरणीय बदलाव तथा पशुसंवर्धन मंत्री पंकजा मुंडे  ने आज चंद्रपुर पहुंचकर प्रदूषण की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा, “उद्योगों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उद्योगों को नियमों का पालन करना ही होगा। किसी को भी नागरिकों की जान से खेलने का अधिकार नहीं है।”


श्रीमती मुंडे ने सबसे पहले दुर्गापुर  स्थित चंद्रपुर थर्मल पावर स्टेशन के कन्वेयर बेल्ट, बेलसणी    की महामाया कोल वॉशरी और घुग्घुस    की विदर्भ मिनरल एनर्जी कंपनी का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इन स्थानों पर उन्होंने प्रदूषण के स्रोतों को करीब से देखा और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद भी किया।


मंत्री ने कहा, “चंद्रपुर में प्रदूषण की समस्या बहुत गंभीर है। इसे हल करने के लिए हम एक वर्ष का प्लान, उसके बाद तीन वर्ष का प्लान  और फिर दीर्घकालीन प्लान  तैयार करेंगे।” उन्होंने उद्योगों को चेतावनी देते हुए कहा, “जल्द से जल्द फॉगर, फॉगिंग मशीन और अन्य प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाएं। नियमों का पालन न करने वाली कंपनियों पर सख्त कार्रवाई होगी। जो अधिकारी रिपोर्ट नहीं सुनेंगे, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”


कपास काला पड़ने पर किसानों को मुआवजा  

मंत्री ने किसानों की समस्या पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने जोर देकर कहा    कि कंपनियों के प्रदूषण से परिसर के कपास के खेत काले पड़ रहे हैं। “किसानों को हुए नुकसान की भरपाई कंपनियां करेंगी। हम इसे सुनिश्चित करेंगे”।


आमदार सुधीर मुनगंटीवार ने उठाया था मुद्दा  

विधानसभा में चंद्रपुर प्रदूषण का मुद्दा पहले ही उठा चुके आमदार सुधीर मुनगंटीवार ने आज मंत्री का स्वागत करते हुए कहा, “मंत्री जी यहां आकर समस्या को समझ रही हैं। कायदे-कानून के दायरे में फैसला लिया जाएगा।” उन्होंने एक जिलास्तरीय समिति    गठित करने की घोषणा की। मुनगंटीवार ने मांग की कि प्रदूषण से प्रभावित किसानों को तुरंत मुआवजा दिया जाए।


कार्यक्रम में जिलाधिकारी वसुमना पंत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, उपविभागीय अधिकारी विशाल कुमार मेश्राम, तहसीलदार विजय पवार, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी श्री. यादव सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।



मंत्री पंकजा मुंडे के इस दौरा और प्लान की घोषणा से चंद्रपुरवासियों में प्रदूषण मुक्ति को लेकर नई उम्मीद जगी है। अब देखना यह होगा कि घोषणाएं कितनी जल्दी धरातल पर उतरती हैं।
Previous Post Next Post