शहर के बीचोंबीच मिला कटा सिर, धड़ रेलवे पुल के नीचे; मृतक की हुई शिनाख्त!
बंगाली कैंप के 70 वर्षीय प्रभास सरकार की पहचान, परिवार ने 13 नवंबर को दर्ज कराई थी गुमशुदगी!
चंद्रपुर: शहर के सबसे व्यस्त प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी चौक पर बुधवार सुबह एक रक्तरंजित मानव सिर मिलने की घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। पुतले के पास सिर देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस, स्थानीय अपराध शाखा और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही था कि यह सिर किसका है और शरीर कहां है।
श्वान दल की मदद से आसपास तलाश शुरू हुई। कुछ देर बाद इंदिरा गांधी चौक के सामने रेलवे पुल के नीचे, इरोज लॉन के पास एक पुराने होर्डिंग के समीप बिना सिर का धड़ बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में सिर और धड़ एक ही व्यक्ति के पाए गए।
इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल शुरू की। सामने आया कि बंगाली कैंप निवासी 70 वर्षीय प्रभास सरकार 11 नवंबर को घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। परिजनों ने 13 नवंबर को रामनगर पुलिस थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उपलब्ध जानकारी और परिस्थितियों के आधार पर कुछ ही घंटों में मृतक की पहचान प्रभास सरकार के रूप में हो गई। मृतक एक पैर से दिव्यांग थे।
सिर और धड़ अलग-अलग जगहों पर मिलने से घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह हत्या का मामला है या प्राकृतिक मौत के बाद भटकते कुत्तों ने शव को क्षत-विक्षत कर दिया? कुछ लोगों का अनुमान है कि कुत्ते सिर को चौक तक खींचकर ले आए होंगे। पुलिस ने अभी किसी भी संभावना पर अंतिम मुहर नहीं लगाई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।
रामनगर पुलिस और अपराध शाखा अब 11 नवंबर से लेकर शव बरामद होने तक के पूरे सिलसिले की जांच कर रही है। शहर के मध्य में हुई इस घटना ने आम नागरिकों में भय और चर्चा का माहौल बना दिया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रभास सरकार की मौत के पीछे आखिर क्या राज छिपा है।


