मुख्यमंत्री सहायता निधि-टाटा ट्रस्ट करार से मरीजों को राहत! पहली ही डील में ८९.६० लाख की मदद...

⚫ मुख्यमंत्री सहायता निधि-टाटा ट्रस्ट करार से मरीजों को राहत!
पहली ही डील में ८९.६० लाख की मदद...



मुंबई, २४ अगस्त : लीवर ट्रांसप्लांट, कैंसर और ब्रेन सर्जरी जैसे बेहद महंगे इलाज के लिए मुख्यमंत्री सहायता निधि और टाटा ट्रस्ट के बीच हुआ पहला समझौता राज्य के जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। इस करार की वजह से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है और उनके परिवारों में उम्मीद की नई किरण जगी है।

समझौते के महज छह महीने के अंदर राज्य के विभिन्न हिस्सों के ९ मरीजों को कुल ८९ लाख ६० हजार ३०१ रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की गई है। इस मदद से लीवर ट्रांसप्लांट, कैंसर के इलाज और ब्रेन सर्जरी जैसे बेहद महंगे उपचार उपलब्ध कराए गए हैं।

मुख्यमंत्री सहायता निधि, चैरिटेबल हॉस्पिटल सहायता कक्ष और टाटा ट्रस्ट के बीच १२ फरवरी २०२६ को सामंजस्य समझौता हुआ था। पहली बार हुए इस करार के तहत राज्य के १५० जरूरतमंद मरीजों को दुर्लभ और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद देने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल से गरीब मरीजों को समय पर और प्रभावी इलाज मिलने का रास्ता खुल गया है।

खास बात यह है कि इसी तर्ज पर अन्य कई नामी संस्थानों के साथ भी समझौते की प्रक्रिया चल रही है, जो जल्द पूरी होने वाली है। इससे राज्य के और ज्यादा जरूरतमंद मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में यह समझौता हुआ। पैसों की कमी के कारण किसी भी मरीज का इलाज न रुके, इसी मकसद से मुख्यमंत्री सहायता निधि और चैरिटेबल हॉस्पिटल सहायता कक्ष लगातार काम कर रहे हैं।

जरूरतमंद मरीज अधिक जानकारी के लिए १८००-१२३-२२११ टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। यह अपील मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं चैरिटेबल हॉस्पिटल सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नायक ने की है।


Previous Post Next Post