चंद्रपुर: नवजात शिशु विक्री कांड में BJP दो महिला नेताओं की गिरफ्तारी, शिवसेना ने मांगी निष्पक्ष जांच!

चंद्रपुर में नवजात शिशु की अवैध बिक्री कांड: BJP महिला पदाधिकारियों की गिरफ्तारी पर सियासी तूफान!

शिवसेना ने मांगा निष्पक्ष जांच का आश्वासन, संपत्ति जांच और कठोर सजा की मांग!


चंद्रपुर, 2 जुलाई: रामनगर पुलिस द्वारा नवजात शिशु की अवैध विक्री के गंभीर मामले में भारतीय जनता पार्टी की दो महिला पदाधिकारियों की गिरफ्तारी ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। इन दोनों महिलाओं को स्थानीय आमदार की लंबे समय से विश्वसनीय सहयोगी बताया जा रहा है।

इस मामले को लेकर शिवसेना चंद्रपुर ने आज जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिवसेना की महिला आघाड़ी जिल्हाप्रमुख प्रतिमा ठाकुर के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। शिष्टमंडल ने मांग की कि इस प्रकरण में किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना पूरी निष्पक्षता से जांच की जाए। साथ ही आरोपी महिलाओं की संपत्ति की भी विस्तृत जांच हो और दोषियों को कठोर से कठोर सजा सुनिश्चित की जाए।


शिष्टमंडल में मनीषा ताई कायंदे (पक्ष सचिव), कृपालजी तुम्हाणे (लोकसभा संपर्क प्रमुख) और किरण भैया पांडव (पूर्व विदर्भ संघटक) के मार्गदर्शन में अन्य प्रमुख शिवसैनिक भी शामिल थे। इनमें महानगरप्रमुख भरत गुप्ता, उपजिल्हाप्रमुख माया ताई मेश्राम, तालुका प्रमुख अंजु लेनगुरे, विधानसभा प्रमुख सीमा ताई रामेडवार, प्रियंका गुप्ता, शीतल ढाले व अन्य शिवसैनिक मौजूद रहे।

प्रतिमा ठाकुर ने कहा, “यह बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है। नवजात शिशु के साथ इस तरह का अपराध किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है। हम चाहते हैं कि जांच में कोई राजनीतिक प्रभाव न पड़े और दोषी चाहे किसी भी पद या पार्टी से जुड़े हों, उन्हें सख्त सजा मिले।”

रामनगर पुलिस ने कल इन दोनों महिला पदाधिकारियों को नवजात शिशु की अवैध बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच अब और गति पकड़ने वाली है।


Previous Post Next Post