एमडी ड्रग्स बिक्री मामले में कार्रवाई की मांग!
पानठेलों को स्थायी रूप से सील करने का निवेदन!
शिवसेना (उबाठा) की ओर से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन!
चंद्रपुर ब्यूरो : शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के रिज़वान पठान व उपमहानगर प्रमुख अरमान अल्ताफ शेख के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक, चंद्रपुर को ज्ञापन सौंपकर कथित रूप से एमडी (मेफेड्रोन) जैसे मादक पदार्थों की बिक्री में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा संबंधित पानठेलों को स्थायी रूप से सील करने की मांग की गई है.
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा अपने पानठेलों के माध्यम से एमडी जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है. इससे क्षेत्र के युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा नागरिकों में चिंता का वातावरण बना हुआ है.
निवेदन के अनुसार, संकेत इटनकर और ओम इटनकर पर उनके पानठेलों से मादक पदार्थों की बिक्री करने का आरोप लगाया गया है. साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि 25 जून 2026 को स्थानीय अपराध शाखा द्वारा की गई कार्रवाई में ओम इटनकर के पास से 104 ग्राम एमडी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई.
ज्ञापन में आगे आरोप लगाया गया है कि जीत इटनकर और यश इटनकर भी अपने-अपने पानठेलों के माध्यम से इसी प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त हैं तथा आपसी आर्थिक सहयोग के जरिए मादक पदार्थों की बिक्री का नेटवर्क संचालित किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है.
शिवसेना की ओर से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, आवश्यक होने पर संगठित अपराध से संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत जांच की जाए तथा संबंधित प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की जाए.
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो परिसर के नागरिकों एवं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की ओर से कानून के दायरे में शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा.
_________________
