रैयतवारी कॉलरी परिसर में चोरों का आतंक! रातें बन गई हैं दहशत भरी...
चंद्रपुर: रैयतवारी कॉलरी परिसर के निवासियों की रातें अब नींद की बजाय दहशत में गुजर रही हैं। लगातार हो रही चोरियों ने पूरे इलाके को आतंक के साए में डाल दिया है। खासकर सीआरसी माइनर्स क्वार्टर और आमटे लेआउट में रहने वाले परिवार रात ढलते ही सतर्क हो जाते हैं, दरवाजे-खिड़कियां बंद करके डरे-सहमें सोते हैं।
पिछले कुछ दिनों में कई घरों में चोरों ने हाथ साफ किए हैं। कीमती सामान, गहने, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामग्रियां चोरी हो चुकी हैं। चोरों की इस बेखौफ गतिविधि ने पूरे परिसर में खौफ का माहौल बना दिया है।
ताजा मामला: पप्पू भाई के नए बन रहे घर से चोरों ने सामान की जमकर लूटपाट की। पेंट के डब्बे, नल की टोटियां, इलेक्ट्रिक वायर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्रियां चोरी हो गईं। पीड़ित ने इस घटना की रिपोर्ट रामनगर थाने में दर्ज कराई थी, परंतु अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
एक स्थानीय निवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, “रात को कोई भी आवाज सुनते ही दिल दहल जाता है। बच्चे और महिलाएं डर के मारे सो भी नहीं पा रहे। हमने कई बार पुलिस को सूचित किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही।”
परिसर के रहवासी अब प्रशासन और पुलिस प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने गश्त बढ़ाने और लाइटों की व्यवस्था करने की अपील की है ताकि चोरों का आतंक जल्द खत्म हो सके।
रैयतवारी कॉलरी के निवासी अब उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेगा और उनके डरमुक्त जीवन को बहाल करेगा। फिलहाल, परिसर में रात का सन्नाटा अब डर का प्रतीक बन गया है।
