◼️चंद्रपूर में NCP का मास्टरस्ट्रोक: सुधीर कारंगल को मिली कार्याध्यक्ष की कमान
चंद्रपुर, 21 जून 2025: राष्ट्रवादी काँग्रेस ने चंद्रपुर शहर में अपनी संगठनात्मक ताकत को और मजबूत करते हुए पूर्व बहुजन समाज पार्टी नगरसेवक सुधीर कारंगल को शहर जिल्हा कार्याध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति शुक्रवार, 21 जून को चंद्रपुर जिल्हा निरीक्षक राजीव जैन के हाथों संपन्न हुई। इस अवसर पर शहर जिल्हाध्यक्ष राजीव कक्कड, शहर जिल्हा महासचिव मनोज भाऊ काछेला, अल्पसंख्यांक शहर जिल्हाध्यक्ष नौशाद सिद्दीकी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सुधीर कारंगल ने कुछ वर्ष पूर्व बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर राष्ट्रवादी काँग्रेस का दामन थामा था। तब से उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता से सभी का ध्यान आकर्षित किया। आगामी महानगरपालिका चुनाव को देखते हुए उनकी मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण को सम्मान देते हुए शहर जिल्हाध्यक्ष राजीव कक्कड ने उनकी नियुक्ति के लिए चंद्रपुर जिल्हा निरीक्षक राजीव जैन को सिफारिश की थी।
नियुक्ति समारोह में राजीव जैन ने सुधीर कारंगल को बधाई देते हुए कहा, "आपके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पार्टी को चंद्रपुर शहर में नई ऊर्जा मिलेगी। हमें विश्वास है कि आप आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।" वहीं, सुधीर कारंगल ने इस भरोसे के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और कहा, "मैं पूरे समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम करूंगा और चंद्रपुर में राष्ट्रवादी काँग्रेस को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करूंगा।"
इस नियुक्ति को शहर में राष्ट्रवादी काँग्रेस की रणनीति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इस फैसले को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
Tags
chandrapur