नागपंचमी पर बड़ी साजिश नाकाम! वरोरा में LCB की दबिश, पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस के साथ एक गिरफ्तार!

नागपंचमी पर बड़ी साजिश नाकाम!
वरोरा में पुलिस की दबिश, पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस के साथ एक गिरफ्तार!



चंद्रपुर(वरोरा) : नागपंचमी के त्योहार के मद्देनजर अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पेट्रोलिंग कर रही स्थानीय अपराध शाखा (चंद्रपुर) की टीम ने वरोरा शहर में बड़ी कार्रवाई की है। सत्यम टॉकीज के पीछे वड्डार बस्ती में रहने वाले 46 वर्षीय संघपाल उर्फ संग्राम वासुदेव लभाने को उसके घर से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से एक संभावित गंभीर अपराध का प्लान फेल हो गया।

17 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नागपंचमी की पृष्ठभूमि में वरोरा डिवीजन में पेट्रोलिंग कर रही लोकल क्राइम ब्रांच की टीम को गोपनीय सूचना मिली कि संघपाल अपने घर में अवैध रूप से आग्नेयास्त्र रखे हुए है और गंभीर दखलपात्र अपराध की तैयारी में है। सूचना के आधार पर टीम ने उसके घर पर छापा मारा। घर की तलाशी में एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के मोबाइल सहित कुल करीब 85 हजार रुपये का मुदामाल जब्त किया गया।

इस मामले में वरोरा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 902/2026 के तहत भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए वरोरा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस आरोपी के अन्य अपराधों से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े और स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक कांक्रेडवार, पुलिस उपनिरीक्षक सर्वेश बेलसरे, पुलिस उपनिरीक्षक सुनील गौरकर तथा गुप्तचर शाखा की टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर की।

वरोरा क्षेत्र में इस कार्रवाई से काफी खलबली मची हुई है। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि अवैध हथियार रखने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Previous Post Next Post