विकास के साथ किसानों के हितों का संरक्षण जरूरी: सांसद प्रतिभा धानोरकर
चंद्रपुर: राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के साथ स्थानीय नागरिकों और किसानों के हितों की रक्षा उतनी ही महत्वपूर्ण है। राजमार्ग निर्माण से किसी भी किसान को असुविधा नहीं होनी चाहिए। यह स्पष्ट संदेश सांसद प्रतिभा धानोरकर ने दिया।
हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सांसद धानोरकर ने राजमार्ग संबंधी विभिन्न समस्याओं और प्रभावितों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की थी। इसी पृष्ठभूमि में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ बैठक की और बामणी से राजुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे सर्विस रोड तथा पुल के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सांसद के ध्यान में आया कि निर्माणाधीन पुल की ऊंचाई निर्धारित मापदंड से अधिक होने के कारण स्थानीय किसानों को अपने खेतों में आने-जाने में भारी कठिनाई हो रही है। इस गंभीर समस्या पर उन्होंने उपस्थित एनएचएआई अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की और किसानों की आवागमन संबंधी बाधाएं दूर करने के लिए तुरंत आवश्यक उपाय करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
सांसद प्रतिभा धानोरकर ने दृढ़ता से कहा, “सड़कें और पुल जनसुविधा के लिए बनाए जा रहे हैं। लेकिन इन निर्माण कार्यों से यदि बलिराजा यानी किसानों को ही परेशानी हो, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण तुरंत विकल्प खोजकर किसानों की आवाजाही सुचारु करे।”
इस निरीक्षण दौरे और बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक सुभाष धोटे, नगराध्यक्ष अरुण धोटे, उपविभागीय अधिकारी रवींद्र माने, एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रवीण कुमार बीजेवार, जीआर इन्फ्रा के अधिकारी गिरीश खंडेलवार, जूनियर इंजीनियर वाढी, कृषि उत्पन्न बाजार समिति के सभापति संतोष इंदूरवार, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शंतनू धोटे, राजुरा कांग्रेस तालुकाध्यक्ष रंजन लांडे, शहराध्यक्ष तथा पूर्व नगरसेवक हरजीत सिंह संधु, बल्लारपुर कांग्रेस के पापा आर्या, पूर्व नगराध्यक्ष रमेशजी नळे, नगरसेवक सिद्धार्थ पथाडे के साथ नगर परिषद के सभापति व नगरसेवक, एनएचएआई अधिकारी, स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक व प्रभावित किसान मौजूद रहे।


