चंद्रपूर LCB की बड़ी कामयाबी: आंतरराज्यीय घरफोड़ी गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 9 संगीन अपराधों का पर्दाफाश

⚫ चंद्रपूर LCB की बड़ी कामयाबी:
⚫ आंतरराज्यीय घरफोड़ी गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 9 संगीन अपराधों का पर्दाफाश
⚫ 47 मामलों का हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी, 14.65 लाख का मुद्देमाल बरामद; CCTV और तकनीकी जांच से मिली सफलता



चंद्रपूर (विशेष संवाददाता) : चंद्रपूर जिले में लगातार बढ़ रही घरफोड़ियों और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में स्थानिक गुन्हे शाखा (LCB) चंद्रपूर ने बड़ी सफलता हासिल की है। एलसीबी और बल्लारपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आंध्र प्रदेश के राजमुंद्री निवासी कुख्यात आंतरराज्यीय घरफोड़िया चिन्नाबाबु व्यंकटेश्वरलु गोरेला (32) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही जिले के 9 गंभीर अपराधों का खुलासा हुआ है, जिनमें 6 घरफोड़ी और 3 दोपहिया वाहन चोरी के मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.65 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है।


पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी तथा अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। 19 मई 2026 को बल्लारपुर के गोरक्षण वार्ड में दिनदहाड़े हुई घरफोड़ी की जांच के दौरान पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने आंध्र प्रदेश के राजमुंद्री पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में तेलंगाना पुलिस के अधिकारी नरेश दत्त का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

रेल से आता, बाइक चुराता और करता था घरफोड़ी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को चौंकाने वाले खुलासे किए। वह आंध्र प्रदेश से बिना टिकट ट्रेन के जरिए चंद्रपूर पहुंचता था। पहचान छिपाने के लिए कैप, मास्क और कॉलेज बैग का इस्तेमाल करता था। रेलवे स्टेशन के आसपास से मोटरसाइकिल चोरी कर उसी वाहन से सुनसान और बंद मकानों की रेकी करता तथा घरफोड़ी की वारदात को अंजाम देता। चोरी के बाद बाइक स्टेशन के पास छोड़कर ट्रेन से वापस फरार हो जाता था।

47 मामलों का हिस्ट्रीशीटर

जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ आंध्र प्रदेश में 41 तथा तेलंगाना में 6, कुल 47 घरफोड़ी और चोरी के मामले पहले से दर्ज हैं। चंद्रपूर में उसकी गिरफ्तारी 8 जुलाई 2026 को की गई।

14.65 लाख का चोरी का माल बरामद

पुलिस ने आरोपी से तीन चोरी की मोटरसाइकिलों सहित सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए। बरामद सामग्री में हिरो होंडा पैशन प्रो, हिरो होंडा स्प्लेंडर, डेस्टिनी स्कूटर, सोने एवं चांदी के आभूषण शामिल हैं। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य 14.65 लाख रुपये बताया गया है।

9 मामलों का हुआ खुलासा

आरोपी की गिरफ्तारी से बल्लारपुर पुलिस थाना के 3, राजुरा पुलिस थाना के 4, चंद्रपूर शहर पुलिस थाना का 1 तथा रामनगर पुलिस थाना का 1 मामला उजागर हुआ है।

इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे, ठाणेदार बिपीन इंगळे, सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक कांकेडवार, बलराम झाडोकार, विक्की लोखंडे तथा एलसीबी के जवान स्वामीदास चालेकर, किशोर वैरागडे, अजय बागेसर, शरद कुडे, गोपीनाथ नरोटे, शेखर माथनकर, वृषभ बारसिंगे, विकास जुमनाके और वैभव गाडगे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चंद्रपूर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल तकनीकी जांच और सटीक खुफिया सूचना का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि इससे जिले में सक्रिय अंतरराज्यीय चोरी गिरोहों के खिलाफ पुलिस की सख्त रणनीति और प्रभावी कार्यशैली भी उजागर हुई है।
Previous Post Next Post